पानीपत। गीता जयंती पर तीन दिवसीय जिला स्तरीय महोत्सव का वीरवार को विशाला सद्भावना शोभायात्रा के साथ आगाज हुआ। इस दौरान शहर गीतामय नजर आया। पहली बार दो शोभायात्रा निकालकर नई शुरुआत की। एक यात्रा सनौली रोड हैदराबादी रामलीला मैदान तो दूसरी मॉडल टाउन के मुल्तान भवन से शुरू की। दोनों शोभायात्राओं का इंसार बाजार के चौड़ा बाजार में संगम हुआ। शोभायात्रा में बच्चों, महिलाओं, बड़ों और बुजुर्गों में गीता प्रेम दिखा। शोभायात्रा में 30 स्कूलों के करीब तीन हजार बच्चे और 25 झांकी शामिल की गई। गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने गीता सिर पर धारण की और स्वयं पैदल शोभायात्रा की अगुवाई की।
श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता सेवा समिति पानीपत व सनातन धर्म संगठन पानीपत के सयुक्त तत्वावधान में गीता जयंती पर गीता की शोभायात्रा निकाली गई। सनौली रोड हैदराबादी रामलीला मैदान से शोभायात्रा में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज पहुंचे। उन्हाेंने कहा कि 5160 वर्ष पूर्व कुरुक्षेत्र की धरा पर श्रीकृष्ण भगवान ने अर्जुन को निमित कर गीता का संदेश दिया था। यह किसी एक जाति, समुदाय या वर्ग के लिए नहीं है। गीता के 18 अध्यायों में पूरी सृष्टि को केंद्र बिंदु रखा गया है। 23 दिसंबर को गीता के उपदेश को 5160 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सात-आठ वर्ष से बड़े स्तर पर गीता जयंती मनाई जा रही है। ऑस्ट्रेलिया में पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर शोभायात्रा व आरती में करीब पांच हजार लोग शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि इस बार गीता जयंती पर नया अध्याय लिखने की तैयारी है। 23 दिसंबर को सुबह 11 बजे एक साथ एक मिनट गीता पाठ किया जाएगा। हरिद्वार में हर की पोड़ी पर एक हजार साधु एक साथ गीता पाठ करेंगे। देश से करीब एक करोड़ लोगों के जुड़ने का अनुमान है। इससे पूर्व विधायक प्रमोद विज, मेयर अवनीश कौर, कांग्रेस नेता बुल्ले शाह, समाजसेवी सुरेंद्र रेवड़ी व सनातन धर्म संगठन के प्रधान कृष्ण रेवड़ी, समिति प्रधान सुरेश अरोड़ा, चंद्र शेखर शर्मा व कृष्ण किवाना ने श्री गीता का पूजन किया।
बॉक्स
शोभायात्रा में उमड़ा शहर, जगह-जगह स्वागत
शोभायात्रा सनौली रोड से शुरू होकर अमर भवन चौक, पचरंगा बाजार, चौड़ा बाजार पहुंची। वहीं दूसरी शोभायात्रा निगम पार्षद लोकेश नांगरू और विपिल चावला की अगुवाई में मॉडल टाउन मुल्तान भवन से शुरू होकर रामलाल चौक, असंध रोड, जीटी रोड, लालबत्ती चौक व गुरुद्वारा पहली पातशाही से होते हुए चौड़ा बाजार पहुंची। यहां दोनों दिशाओं से आ रही शोभायात्रा का संगम हुआ। यहां से इंसार चौक, सलारजंग गेट से होते हुए प्राचीन श्री देवी मंदिर में पहुंची। यहां फूल वर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्राओं का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया।
आर्य कॉलेज में हवन और जिला कारागार में गीता पाठ
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि जिला स्तरीय गीता महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को आर्य पीजी कॉलेज में प्रात: नौ बजे हवन किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा और रंगोली प्रतियोगिता की जाएगी। इसके साथ प्रात: 11 बजे जिला कारागार में गीता पाठ व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। साथ ही आर्य कॉलेज के मैदान में 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। सायं तीन बजे आर्य कॉलेज के सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।