कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में श्री जयराम विद्यापीठ में शनिवार को विधिवत श्री हनुमंत ध्वजारोहण किया जाएगा जिसे महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ माना जाता है।
श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज व अनेक संत-महापुरुषों की पावन उपस्थिति में मंत्रोच्चारण के साथ भगवान राम के परम भक्त वीर हनुमान को साक्षी मानकर ध्वजारोहण होगा। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है कि श्री जयराम संस्थाओं में कोई भी धार्मिक अनुष्ठान या शुभ कार्य वीर हनुमान का आह्वान कर ही प्रारंभ किया जाता है।
संस्थान के प्रवक्ता राजेश सिंगला ने बताया कि ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा व सान्निध्य में विद्वान ब्राह्मणों की ओर से श्री हनुमत पूजन होगा, इसके बाद ध्वज फहराया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ब्रह्मचारी उपस्थित रहेंगे और सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ भी होगा।
हनुमान जी को साक्षी मानकर किया गया यह ध्वजारोहण पूरे गीता जयंती महोत्सव के सभी आयोजनों के लिए शुभ संकेत माना जाता है। परमाध्यक्ष ब्रह्मचारी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुनीत कार्यक्रम का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।