अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी समीन खान वासी अलवर रोड नगर जिला भरतपुर (राजस्थान) से पांच हजार रुपये बरामद कर आरोपी को छह दिन के रिमांड पर लिया है। यह गिरोह लोगों को उकसाकर सोशल मीडिया पर वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर करता था तथा इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस उप-अधीक्षक (मु.) सुभाष चंद्र ने बताया कि 04 मई 2020 को एक व्यक्ति ने थाना शहर थानेसर में शिकायत दर्ज कराई कि उसने 29 अप्रैल को एक एप डाउनलोड की थी। इस एप पर एक लड़की ने अपना व्हाट्सएप नंबर भेजकर कॉल करने के लिए बोला था। जब उसने उसके व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की तो उसने अपनी बातों में उलझाकर उसकी अश्लील विडियो बना ली थी। उसके कुछ देर बाद उस लड़की ने उसे फोन करके पैसों की मांग की तथा पैसे नहीं देने पर उसकी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। उक्त लड़की व उसके उसके साथियों ने उसे ब्लैकमेल करते हुए करीब एक लाख रुपये अलग-अलग किस्त में गूगल-पे करा लिए थे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सौंपी गई थी। 4 अक्तूबर को टीम ने जांच करते हुए एक आरोपी समीन खान को गिरफ्तार करके कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद किए। आरोपी को अदालत में पेश करके छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया के माध्यम से नंबर लेकर लोगों के पास कॉल करते हैं। वह सॉफ्टवेयर के माध्यम से लड़की की आवाज निकालकर पहले लोगों को उत्तेजित करते हैं और वीडियो कॉल करने के लिए उकसाते हैं। जब कोई वीडियो कॉल करता है तो उसे उत्तेजित करके उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के बहाने ब्लैक करते है। जब कोई पैसे देने से इंकार करता है तो फर्जी पुलिस ऑफिसर बनकर कॉल करके डरा व धमका कर पैसे ऐंठते हैं।