कुरुक्षेत्र। श्री जयराम सैनिक स्कूल एवं श्रीमती केसरी देवी लोहिया जयराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भावी नन्हे सैनिकों, कैडेट और विद्यार्थियों को हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन चरित्र से अवगत कराने के लिए स्मार्ट क्लास में एक प्रेरणादायी वीडियो दिखाया गया। कैडेट एवं विद्यार्थियों ने ध्यानचंद जी के संघर्ष, अनुशासन और खेल भावना से महत्वपूर्ण प्रेरणा ली।
विद्यालय परिसर में चारों सदनों अयोध्या, बलराम, लक्ष्मण और मथुरा में से चयनित बलराम सदन और मथुरा सदन के बीच बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कड़े मुकाबले के बाद मथुरा सदन ने विजयी होकर गौरव प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्री जयराम शिक्षण संस्थान के ऑडिटोरियम में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस पर शपथ ली गई। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि हमें खेल को जीवन का अभिन्न अंग मानते हुए अनुशासन, मेहनत, टीमवर्क और खेल भावना को हमेशा बनाए रखना चाहिए। इस आयोजन से विद्यार्थियों ने सीखा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक दृढ़ता और चरित्र निर्माण का भी माध्यम है।