वित्त विभाग द्वारा एनएचएम कर्मियों के वेतनमान निर्धारित करने संबंधी फैसले के विरोध में एनएचएम कर्मियों ने नारेबाजी की। इन कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के परिसर में वित्त विभाग द्वारा जारी पत्र की प्रतियां जलाकर रोष व्यक्त किया। एनएचएम कर्मचारी संघ (हरियाणा) सचिव कुलविंद्र कौर ने कहा कि वित्त विभाग ने कर्मचारियों के सेवा नियमों से छेड़छाड़ की है। वित्त विभाग द्वारा पत्र जारी करते हुए कर्मचारियों का वेतन निर्धारित करने का निर्णय लिया है। इससे कर्मचारियों को मिलने वाले भत्ते बंद हो जाएंगे।
कहा कि एनएचएम कर्मचारी संघ की ओर से जल्द ही एक बैठक की जाएगी, जिसमें आंदोलन संबंधित बड़ा फैसला लिया जा सकता है। कर्मचारियों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने दो नवंबर 2021 को सातवें वेतन आयोग की सैद्धांतिक मंजूरी दी थी, लेकिन अधिकारियों ने उसे अभी तक लटका रखा है। संघ की ओर से एमडी एनएचएम के नाम ज्ञापन भी भेजा गया है। अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।