पिहाेवा। अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में अंबाला जिले के शेखुपुरा गांव बलवीर सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे को अमेरिका भेजने के लिए अपने रिश्तेदार के माध्यम से शहर के सर्वजीत सिंह से बात की थी, जिसने उनके बेटे नवजीत को 40 लाख में अमेरिका भेजने की बात कही। इसके बाद पांच लाख रुपये और पासपोर्ट मई 2024 को सर्वजीत को सौंप दिया गया।
उसने दावा किया कि नवजीत को मई में ही अमेरिका भेज दिया जाएगा लेकिन उसे अमेरिका की बजाय दुबई भेजा गया। वहां आरोपी के साथियों ने नवजीत से दो हजार 500 अमेरिकी डॉलर और उसका पासपोर्ट छीन लिया। परिजनों के पूछने पर सर्वजीत ने उसे जल्द अमेरिका भेज देने की बात कही। इसके बाद सर्वजीत ने 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की और धमकी दी कि जब तक रुपये नहीं मिलेंगे, नवजीत दुबई में उसके लोगों के कब्जे में रहेगा। जैसे-तैसे नवजीत भारत लौट आया। अब आरोपी रुपये देने से मना कर रहा और धमकी दे रहा है।