शाहाबाद। पुलिस ने छात्रा पर तेजाब फेंकने, परेशान करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों को नामजद किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मोहनपुर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। 12 अप्रैल को वह परीक्षा देने गई थी। परीक्षा देकर वापस अपनी मौसी के लड़के के साथ घर आ रही थी। इसी बीच गांव मदनपुर निवासी हर्षदीप अपने एक साथी के साथ आया और अपनी बाइक उनकी बाइक के आगे अड़ा दी। इतना ही नहीं, हर्षदीप उसकी बेटी के साथ बदतमीजी करने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने
छात्रा के मौसी के लड़के की बाजू पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी बेटी के मुंह पर तेजाब फेंकने की कोशिश की। उसकी पुत्री ने अपना मुंह बचाया तो तेजाब उसके पैर पर गिर गया। शिकायत में कहा गया कि आरोपी उसे तीन चार माह से परेशान कर रहा है। जब उसने इस बारे में आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक के माता-पिता भी यहीं धमकियां देने लगे कि वह उसकी बेटी की शादी हर्षदीप के साथ कराना चाहते हैं। न मानने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।