संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर को हरा भरा करने के लिए वन विभाग ने पांच लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पौधेजल शक्ति अभियान के तहत लगाए जाएंगे।
इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से एक एक्शन प्लान भी तैयार किया गया है, जिसके तहत कृषि विभाग की तरफ से 2165 कार्यक्रमों, 61 किसान गोष्ठियों, 2510 सोखते गड्ढे, डीटीपी की तरफ से 13 कार्य, मनरेगा के तहत 224 कार्य, हरियाणा शहरी विकास निगम की तरफ से 33 कार्य, पंचायत विभाग की तरफ से 224 कार्य सहित अन्य विभागों की ओर से जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के लिए कार्यक्रम किए जाने हैं।
इसी कड़ी में जल शक्ति अभियान के केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार के पावर जीओआई के निदेशक अरुण कुमार गर्ग ने सोमवार को जल शक्ति अभियान के तहत जिले में किए गए कार्यों की समीक्षा करने के लिए अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करके पानी की एक-एक बूंद को बचाने और जल संरक्षण करने का संकल्प करना होगा। इस जल शक्ति अभियान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला स्तर पर तैयार की गई योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम करना होगा। इस अभियान में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की भागीदारी को भी सुनिश्चित करना होगा।
इससे पहले उपायुक्त मुकुल कुमार ने जल शक्ति अभियान के तहत जिला परिषद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग, खंड विकास एवं पंचायत विभाग, जिला नगर योजनाकार विभाग, अटल भूजल विभाग, नगर परिषद के साथ-साथ अन्य विभागों द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। जिला परिषद के सीईओ सतबीर सिंह कुंडू ने पॉवर प्रेजेंटेशन के जरिये 2021 में जल शक्ति अभियान के तहत किए गए कार्यों और सभी लक्ष्यों को पूरा करने की रिपोर्ट तथ्यों सहित प्रस्तुत की। इस मौके पर डीडीपीओ प्रताप सिंह, डीएफओ रविंद्र धनखड़, डीडीए डॉ. प्रदीप मील, डीटीपी प्रदीप पूनिया, नप ईओ बलबीर सिंह, वन अधिकारी शमशेर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।