बाबैन। गांव रामसरन माजरा में आग लगने के कारण आठ एकड़ में खड़े गेहूं के फाने जलकर राख हो गए। जब तब लोग संभल पाते तब तक आग ने दो भूसे के कूप, उपले व गन्ने की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। बढ़ती आग को बुझाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग लगने की सूचना दमकल कर्मियों को भी दी गई। सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में कामयाबी हासिल की। आग लगने का कारण बिजली की तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
किसान सोहन लाल, मोहन लाल, सुरेंद्र कुमार व रजत ने बताया कि आग लगने से आठ एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में खड़े गेहूं के फाने जल गए। वहीं किसान रजत सैनी की गन्ने की फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। रात्रि के समय खेतों में आग लगने की सूचना जैसे ही गांव के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने-अपने साधनों से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीण यदि समय रहते आग बुझाने के प्रयासों में न जुटते तो आग साथ लगती गेहूं की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा सकती थी। ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से किसानों के हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी है इसलिए इस नुकसान की भरपाई भी बिजली निगम से करवाई जाए।