कुरुक्षेत्र। रबी सीजन के दौरान जिले में गेहूं के अवशेषों में आगजनी की घटनाओं पर इस बार सैटेलाइट से नजर रखी जाएगी। अगर कोई किसान अवशेषों में आग लगाता है तो भुवन मोबाइल एप्लीकेशन की सहायता से जानकारी जुटाकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। ऐसे किसानों पर जुर्माना लगाया जाएगा और राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज की जाएगी। घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन का भी प्रयोग किया जाएगा। ये जानकारी उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने दी।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी गांवों में अभियान चलाकर किसानों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कृषि विभाग को भुवन एप से संबंधित अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे कटाई के बाद फसल अवशेषों में तूड़ी बनाकर प्रबंधन करें ताकि वातावरण प्रदूषित न हो और भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि कई किसान स्ट्रा-रीपर से तूड़ी बनाने के बाद भी खेत की मेड़ों पर बचे अवशेषों में आग लगाते हैं, इससे बचा जाए। संवाद