फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा में खुलेगी प्रत्याशियों की किस्मत

Thu, 15 May 2014 11:49 PM IST
अमर उजाला, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में 10 अप्रैल को बंद हुई प्रत्याशियों की किस्मत आज खुलेगी। सुबह आठ बजते ही प्रत्याशियों के साथ-साथ समर्थकों की धड़कनें तेज हो जाएंगी।
विज्ञापन


जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल गजराज ने कहा मतगणना केंद्र के चारों ओर थ्री टायर सुरक्षा व्यवस्था होगी। इसमें 500 से भी ज्यादा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की थानेसर, पिहोवा, शाहाबाद, लाडवा और रादौर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना का कार्य सेक्टर-13 के अग्रसेन पब्लिक स्कूल में शुरू होगा। डीसी ने वीरवार देर शाम सुरक्षा और व्यवस्था की अंतिम तैयारियों का जायजा लिया।
विज्ञापन


इस दौरान कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सामान्य आब्जर्वर मंजू नाथ केएस और एसपी वाई पूर्ण कुमार भी साथ थे। उन्होंने मतगणना केंद्रों के चारों तरफ की गई बैरीगेड, विधानसभा अनुसार मतगणना केंद्र में लगाई जाली, बिजली, पीने का पानी की व्यवस्था भी जांचीं।

आज सुबह छह बजे से पहले सभी अधिकारी और कर्मचारी मतगणना केंद्र में पहुंचना सुनिश्चित करेंगे और सभी ईमानदारी, मेहनत, लगन और पारदर्शिता के साथ मतगणना का कार्य संपन्न कराएंगे। इस मौके पर एसडीएम थानेसर राजेश कुमार, एसडीएम पिहोवा धर्मवीर सिंह, एसडीएम शाहाबाद हेमा शर्मा मौजूद थे।

लोकसभा आम चुनाव-2014 की कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में मतगणना के दौरान पांचों विधानसभाओं के लिए काउंटिंग सहायक, सुपरवाइजर और माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में 20-20 काउंटिंग सहायक, सुपरवाइजर और माइक्रो ऑब्जर्वर की ड्यूटी लगाई है।

अग्रसेन पब्लिक स्कूल सेक्टर 13 मतगणना केंद्र में अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, काउंटिंग एजेंट और प्रत्याशियों के प्रवेश करने के लिए भी प्रशासन ने व्यवस्था की है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र में टेलीफोन एक्सचेंज के पास प्रवेश द्वार से अधिकारियों और मीडियाकर्मियों की एंट्री होगी, जबकि प्रत्याशियों, काउंटिंग एजेंट की एंट्री सेक्टर 13 मार्केट की तरफ से तय की है।

एसपी वाई पूर्ण कुमार ने बताया कि मतगणना केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए थ्री टायर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसमें 7 डीएसपी, 15 इंस्पेक्टर सहित 500 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्त किया है। इसके अलावा हर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर होंगे।

जिला प्रशासन की तरफ से मीडिया और छायाकारों की सुविधा के लिए अग्रसेन पब्लिक स्कूल सेक्टर-13 में मीडिया सेंटर स्थापित है। यह मीडिया सेंटर दूर संचार विभाग की तरफ से बनाए प्रवेश द्वार के साथ ही बनाया है।

एडीसी एवं एआरओ लाडवा डॉ. यश गर्ग ने लाडवा विस क्षेत्र, एआरओ और एसडीएम राजेश कुमार ने थानेसर विस क्षेत्र, एआरओ और एसडीएम पिहोवा धर्मवीर सिंह ने पिहोवा विधानसभा क्षेत्र, एआरओ और एसडीएम शाहाबाद हेमा शर्मा ने शाहाबाद विस क्षेत्र, एआरओ और डीआरओ रादौर सतीश भारद्वाज ने रादौर विधानसभा क्षेत्र में अपने-अपने विस क्षेत्रों में मतगणना की तैयारियों का जायजा लेकर मतगणना के लिए टेबल और अन्य व्यवस्था के प्रबंध पूरे कराए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें