पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं व 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा और डीएलएड प्रथम व द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) परीक्षा 25 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए सभी केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक लेखन सामग्री का वितरण 23 फरवरी को किया जाएगा। परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर बोर्ड ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वहीं, जिले में परीक्षाओं के सफल आयोजन व तैयारी के लिए बैठकों का दौर जारी है।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अदिति ने सोमवार को भी जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान में जिला शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज, डीपीसी मनीष गुप्ता समेत डायट प्राचार्य, उप जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, एबीआरसी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
जिले में 71 केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में 71 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। यहां 23782 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इनमें 10वीं कक्षा के 13617 जबकि 12वीं कक्षा के 10165 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रश्न-पत्रों की पेटियां निर्धारित विद्यालय भवनों में कड़ी सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालय पर रखवाई जाएंगी। 22 फरवरी को बोर्ड मुख्यालय से प्रश्न-पत्रों की पेटियां व लेखन सामग्री के बैग जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके लिए संबंधित विद्यालयों में दो सुरक्षित कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रतिदिन परीक्षा तिथि अनुसार सुबह 10:30 बजे प्रश्न-पत्रों के पैकेट वितरण की प्रक्रिया पूरी होगी। उपमंडल स्तर पर भी खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रश्न-पत्र वितरण के समय उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
पहले दिन होगी गणित और अंग्रेजी की परीक्षा
हरियाणा बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार वार्षिक परीक्षा के पहले दिन 25 फरवरी को 12वीं कक्षा के विद्यार्थी अंग्रेजी व 26 फरवरी को 10वीं कक्षा के विद्यार्थी गणित विषय की परीक्षा देंगे। वहीं, डीएलएड रि-अपीयर प्रथम वर्ष के विद्यार्थी चाइल्डहुड एंड डेवलपमेंट ऑफ चिल्ड्रन विषय का पेपर देंगे।
वर्जन-
जिले में बनाए गए 71 केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सकें।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।