कुरुक्षेत्र। किसान को मटर की फसल खराब होने पर सीएम विंडो के जरिए अपने खेतों में ही कंपनी ने तुरंत 60 हजार रुपये का मुआवजा दिया। मुआवजा सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन एवं जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्य प्रदीप झांब के प्रयासों से मिला है। इस राशि का भुगतान कंपनी की तरफ से सैनी ब्रदर्स ने किया है।
प्रदीप झांब ने मंगलवार को देर सायं गांव बिशनगढ़ में किसान कृष्ण लाल के खेतों में खराब फसल का जायजा लिया। इस दौरान एमिनेंट पर्सन प्रदीप झांब व गुरनाम सिंह मंगोली मौके पर पहुंचे अधिकारियों के साथ-साथ कंपनी के प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाया। प्रदीप झांब ने बातचीत करते हुए कहा कि बिशनगढ़ निवासी कृष्ण लाल ने सीएम विंडो पर कंपनी और बीज विक्रेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें स्पष्ट किया गया कि 11 अक्तूबर 2021 को एक निजी कंपनी की वैरायटी के 120 किलो मटर के बीज सैनी ब्रदर्स से खरीदे थे और कुल 16200 रुपये की राशि का भुगतान कर बकायदा बिल भी लिया।
इस बीज से 2 एकड़ मटर की फसल लगाई, लेकिन यह फसल ठीक नहीं हुई और शिकायत की गई कि बीज खराब होने की वजह से उसका नुकसान हुआ है और उसे मुआवजा दिलाया जाए। एमिनेंट पर्सन प्रदीप झांब ने कहा कि सभी पक्षों को मौके पर बुलाकर फसल का जायजा लिया गया और इस दौरान बीज विक्रेता सैनी ब्रदर्स ने भी माना की बीज में खराबी हो सकती है। इसलिए स्थिति को देखते हुए खाद विक्रेता सैनी ब्रदर्स के मालिक ने तुरंत बीज विक्रेता कंपनी के संचालकों से बातचीत की और मौके की पूरी रिपोर्ट के बारे में जानकारी दी। इन तमाम पहलुओं को देखते हुए कंपनी ने सैनी ब्रदर्स को किसान का मुआवजा देने की बात कही।