Enrollment in MD, MS of Ayurveda is a big challenge, students who get two thousand ranks also have less hope
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र। आयुर्वेद के एमडी कोर्स में दाखिला लेने के लिए भावी चिकित्सकों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। एक-एक सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा है। श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय और श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एमडी, एमएस (आयुर्वेद) की रिक्त रही सीटों पर आज से शुरू हो रहे तीसरे राउंड में भी दो हजार रैंक (ऑल इंडिया) हासिल करने वाले ईडब्ल्यूएस और सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों का दाखिला होने की उम्मीद नहीं है। प्रतिस्पर्धा इतनी है कि करीब एक हजार रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी अपना पसंदीदा विषय नहीं मिला है।
बहरहाल, श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय द्वारा वीरवार से श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय में द्रव्य गुण की पांच, आयुर्वेद समित्ता एवं सिद्धांत की छह सीट और श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक महाविद्यालय के विभिन्न विषयों की रिक्त 11 सीटों पर काउंसलिंग का तीसरा दौर शुरू किया जा रहा है। रिक्त सीटों पर दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को छह मार्च शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से आठ मार्च को सीटों का आवंटन किया जाएगा। किसी तरह की आपत्ति होने पर विद्यार्थी नौ मार्च शाम पांच बजे तक विश्वविद्यालय की ईमेल आईडी पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके पश्चात 10 मार्च को सीटों का अंतिम आवंटन किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को सीट आवंटित की जाएंगी, उन विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन फीस जमा करने और संबंधित शिक्षण संस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए 10 से 14 मार्च तक का समय दिया है।
आज से शुरू होगा मॉप अप राउंड : डॉ. शंभू दयाल शर्मा
श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. शंभू दयाल शर्मा का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओेर से यूजी व पीजी दोनों पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कराई जा रही है। काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जा रही है। तीन मार्च से पीजी पाठ्यक्रमों की रिक्त रही सीटों पर दाखिले के लिए मॉप अप राउंड शुरू किया जाएगा।