संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। विभिन्न मांगों के समर्थन में रविवार को भी कर्मचारियों का मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना जारी रहा, जिसमें विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने धरना देते हुए जमकर रोष जताया तो वहीं मुख्यमंत्री के स्थानीय कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी को 15 सूत्रीय मांगपत्र के साथ ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पुलिस बल भी सतर्क रहा।
कर्मचारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आठवें वेतन आयोग के गठन की घोषणा कर दी गई है। हरियाणा के संदर्भ में प्रदेश का अलग वेतन आयोग गठित किया जाना चाहिए। आठवां वेतन आयोग लागू होने तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह अंतरिम राहत दी जाए, पहले पिछले वेतन आयोग में रह गई विभिन्न वर्गों की वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग लंबित है, जिसका तुरंत समाधान करना अतिआवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों का जीवन यापन का स्तर भी अन्य राज्यों से उच्चतर है। देश चहुंमुखी विकास, रोजगार व आर्थिक तरलता के लिए वेतन आयोग का महत्वपूर्ण योगदान होता है क्योंकि वेतन आयोग के माध्यम से असंगठित मजदूर से लेकर प्रथम श्रेणी अधिकारी तक को उचित वेतन मिलता है। प्रदेश की परिस्थितियों में पुरानी पेंशन व्यवस्था आसानी से लागू की जा सकती है। सरकार द्वारा नौकरी सुरक्षा एक्ट के बावजूद एच के आर एन के कर्मचारियों को नौकरी से हटाने के फरमान आ रहे हैं।
कच्चे कर्मचारियों के वेतन में असमानता है जो असंवैधानिक भी है। सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों की सभी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए एक समग्र रेगुलराइजेशन की नीति बनाकर सबको पक्का कर दिया जाए। कर्मचारी की मृत्यु हो जाने पर एक्सग्रेशिया की नीति में पहले पांच व अंत के तीन वर्ष की नौकरी की शर्त लगा रखी है जो जोखिम भरे काम करने वाले कर्मचारियों के लिए उचित नहीं और इस शर्त के कारण उनके आश्रित को नौकरी नहीं मिल पाती। प्रदेश का अलग से वेतन आयोग इन सभी मुद्दों पर विचार करके समाधान कर सकता है, इसलिए सरकार को हरियाणा का अलग से वेतन आयोग गठित करना चाहिए। इसके अलावा भी कई मांगें रखी गई।
दो दिवसीय धरने की अध्यक्षता राज्य प्रधान धर्मवीर फोगाट ने की। मंच संचालन महासचिव नरेश कुमार व उपमहासचिव संदीप सांगवान ने किया। धरने में कैथल, यमुनानगर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, महेंद्रगढ़ जिलों के कर्मचारी भाग लिया। धरने का संचालन महासचिव नरेश कुमार व उपमहासचिव संदीप सांगवान ने किया।