कुरुक्षेत्र। केयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में इलेक्ट्रिक वाहन उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र विद्यार्थियों और शोधार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक से जुड़े आधुनिक उपकरणों पर प्रशिक्षण देगा। इससे अनुसंधान और नवाचार के अवसर भी मिलेंगे।
केंद्र में टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर इलेक्ट्रिक वाहनों के पूर्ण सेटअप लगाए गए हैं। इनके कट-सेक्शन से विद्यार्थी मोटर, कंट्रोलर और बैटरी पैक की कार्यप्रणाली समझेंगे। अन्य पुर्जों की जानकारी भी उन्हें मिलेगी। ईवी चार्जिंग स्टेशन और बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। इंटरैक्टिव कंट्रोल सेटअप पर टच स्क्रीन और वॉइस कमांड से व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। कुलपति सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम बताया।
युवाओं के लिए कौशल विकास
कुलपति सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करें। यह केंद्र युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान के साथ उद्योग-अनुरूप कौशल विकसित करने में मदद करेगा। यूआईईटी के निदेशक सुनील ढींगरा ने इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। यहां विद्यार्थियों को बैटरी प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिक ड्राइव सिस्टम और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में प्रशिक्षण मिलेगा। ऊर्जा प्रबंधन और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भी अनुसंधान की सुविधा होगी।