कुरुक्षेत्र। जग ज्योति दरबार में महंत राजेंद्र पुरी ने रविवार को श्री गणेश उत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देवताओं में प्रथम आराध्य भगवान श्री गणेश रिद्धि तथा सिद्धि के दाता हैं। हमें भगवान श्री गणेश उत्सव के साथ भगवान श्री गणेश से जीवन में सफल होने के लिए आशीर्वाद के साथ प्रेरणा लेनी चाहिए।
महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि मनुष्य जीवन में शिक्षा एवं ज्ञान का होना बहुत जरूरी है। शिक्षा हमें किताबों से मिलती है लेकिन वास्तविक ज्ञान बुजुर्गों व अनुभव से मिलता है। शिक्षा तो मनुष्य जीवन में कामधेनु गाय के समान एक अनुपम धरोहर प्रस्तुत करती है। ज्ञान व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में अवसर खोजने की क्षमता देता है। शिक्षा हमें नई जगहों पर भी मां के समान सुरक्षा देती है। निरंतर सीखना ही व्यक्ति को प्रासंगिक और आत्मनिर्भर बनाता है।