कुरुक्षेत्र। जिला जेल परिसर में नशीले पदार्थ पहुंचाने की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। जेल की दीवार के बाहर से फेंके गए चार पैकेटों से तीन प्लास्टिक बोतलें और 22 ब्रूफेन के पत्ते और कुल 220 गोलियां बरामद हुईं। बोतलों में संदिग्ध तरल पदार्थ और पुड़िया भरी थी जिनमें नशीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
जेल के डीएसपी रोहन हुड्डा के अनुसार सुबह करीब 7:15 बजे बुर्ज-पांच पर तैनात वार्डर सुशील कुमार ने किसी अज्ञात व्यक्ति को जेल की ओर पैकेट फेंकते देखा। वार्डर ने रोकने की आवाज लगाई लेकिन आरोपी चार पैकेट फेंक कर भाग गया। सूचना मिलते ही जेल अधिकारियों ने पैकेट जब्त किए और पुलिस को सौंप दिए।
बरामद सामग्री में कोला की दो छोटी बोतलें टेप से लिपटी हुई थी जिनमें द्रव्य भरा था। तीसरी बोतल में छह पुड़ियां मिलीं। इसके अलावा पैकेट से 22 ब्रूफेन पत्ते बरामद हुए। अधिकारियों का मानना है कि यह कैदियों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश थी।
सेक्टर-सात चौकी प्रभारी कमल कुमार ने बताया कि सिटी थाना थानेसर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद तरल पदार्थ और दवाएं जांच के लिए लैब भेज दी गई हैं। रिपोर्ट आने के बाद सामग्री की प्रकृति स्पष्ट होगी। पुलिस जेल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके।