कुरुक्षेत्र। रात 12 बजते ही बिजली गुल हो जाने से शहर की कई कॉलोनियों और सेक्टरों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बिजली गुल होने से पूरा इलाका रातभर अंधेरे में डूबा रहा। बिजली विभाग के अनुसार मुख्य लाइन में फॉल्ट आ जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई।
सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया लेकिन तकनीकी समस्या अधिक होने के कारण बिजली सुबह करीब नौ बजे बहाल हो सकी। इतने लंबे समय तक आपूर्ति ठप रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। बिजली आने के करीब एक घंटे बाद ही फिर से आपूर्ति ठप हो गई जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
इस दौरान बिजली विभाग के शिकायत केंद्रों पर बार-बार लोगों ने फोन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी रहती है। इसके कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बिजली निगम अधिकारी जय नरेश कुमार ने बताया कि लाइन में फाल्ट आने के कारण बिजली व्यवस्था बाधित रही। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर लाइन को दुरुस्त किया।