पिपली। चलती रोडवेज बस से उतरने का प्रयास एक छात्रा के लिए भारी पड़ गया। नए बस अड्डे से बिहोली गांव जा रही बस से उतरने के दौरान छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
बस चालक ने तत्काल मानवता दिखाते हुए उसे पहले पिपली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। घायल छात्रा मनीषा करनाल जिले के शुगर मिल क्षेत्र की रहने वाली है और इन दिनों अपनी बुआ के घर रहकर कुरुक्षेत्र में आईलेट्स की तैयारी कर रही है। वह प्रतिदिन कोचिंग के लिए कुरुक्षेत्र आती-जाती थी। शुक्रवार को कोचिंग के बाद वह नए बस अड्डे से बिहोली जाने वाली बस में सवार हुई थी। बस चालक रामबीर ने बताया कि वह अपना अड्डा निकल जाने के बाद अचानक चलती बस से उतरने लगी। चालक और अन्य लोगों ने उसे ऐसा न करने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन इससे पहले कि बस पूरी तरह रुक पाती, मनीषा चलती बस से कूद गई। संवाद