हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (हसला) के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने राज्य कार्यकारिणी का गठन किया, जिसमें कुरुक्षेत्र जिले को प्रतिनिधित्व देते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के जीवविज्ञान प्राध्यापक डॉ. तरसेम कौशिक को राज्य उपप्रधान की जिमेदारी सौंपी गई।
हसला राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने राज्य कार्यकारिणी के गठन के बाद बताया कि संगठन की मजबूती एवं समूचे राज्य को कार्यकारिणी में यथायोग्य प्रतिनिधित्व दिया है, ताकि सभी जिलों के पदाधिकारी हसला की मजबूती के लिए कार्य कर सकें। हसला के नवनियुक्त राज्य उपप्रधान डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा कि वे उनके मार्गदर्शन में संगठन की मजबूती की लिए पूर्ण मनोयोग व निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे प्राध्यापकों के हितों को तरजीह देते हुए उनकी विभिन्न मांगों को शासन व प्रशासन से पूर्ण करवाने का भरसक प्रयास करेंगे। डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा कि राज्य प्रधान के नेतृत्व में वे हसला की सभी चिरलंबित मांगों जैसे पुरानी पेंशन बहाली, लेक्चरर पदनाम, प्राचार्य पदोन्नति के लिए, उपप्राचार्य पद का सृजन, प्राध्यापकों की कंफर्मेशन सूची जारी कराना, नई व संशोधित वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी कराने, सीसीएल का सरलीकरण कराने, कॉलेज कैडर में पदोन्नति, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर कराने, एचसीएच के लिए विभागीय भर्ती के लिए आवेदन की अनुमति, नॉन एचटेट तथा नॉन बीएड के लिए समय सीमा बढ़वाना तथा उन्हें पूर्ण छूट दिलवाना, गैर शैक्षणिक कार्यों से छुटकारा, कैशलेस मेडिकल सुविधा को पूर्णतया लागू करवाने इत्यादि मांगों को समयबद्घ सीमा में पूर्ण करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि हमारी मांगों को सरकार शीघ्रातिशीघ्र पूरा करें।