कुरुक्षेत्र। स्वतंत्रता सेनानी डॉ शांति स्वरूप शर्मा अवार्ड से आयुष यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ करतार धीमान को सम्मानित किया गया।
यह अवार्ड जयराम विद्यापीठ में आयोजित जरूरतमंद परिवारों की निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह के अवसर पर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी व मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी द्वारा प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि सुमन सैनी ने कहा कि डॉ करतार सिंह धीमान ने अपने कार्यकाल में आयुर्वेद पद्धति से इलाज करने को बढ़ावा देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि पिछले 19 सालों से श्री जयराम विद्यापीठ के समारोह में स्वतंत्रता सेनानी डॉ शांति स्वरूप शर्मा अवॉर्ड किसी महान व्यक्तित्व को उसके उत्कृष्ट कार्यों की की एवज में दिया जाता है। डॉ. शांति स्वरूप शर्मा एवं श्रीमती लीलावती चैरिटेबल ट्रस्ट के उप प्रधान डॉ अरविंद शर्मा एवं सतीश शर्मा ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारीलाल नंदा के सहयोगी रहे डॉ शांति स्वरूप शर्मा के प्रयासों से ही कुरुक्षेत्र में आकाशवाणी आयुर्वैदिक कॉलेज एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की स्थापना हुई थी।
देश के स्वतंत्रता आंदोलन में डॉ शांति स्वरूप शर्मा ने बढ़ चढक़र भाग लिया था जिसकी वजह से अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें पकड़ने के लिए इनाम घोषित करना पड़ा था। इस मौके पर श्रवण कुमार, केके कौशिक, राजेश सिंगला, टेकचंद लोहार माजरा भी मौजूद रहे।