कुरुक्षेत्र। लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) नागरिक अस्पताल में नाबालिग से यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में आरोपी चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र शैली को पुलिस ने अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दूसरी ओर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उसकी दोबारा नियुक्ति को लेकर स्वास्थ्य विभाग से तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
पुलिस जांच के दौरान आरोपी से मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं, इन्हें फोरेंसिक जांच (एफएसएल) के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल करेंगी ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
डीएसपी मुख्यालय सुनील के अनुसार आरोपी के मोबाइल से सामने आया है कि आरोपी चिकित्सक नाबालिग के पिता के मोबाइल नंबर पर कई बार-बार कॉल करता था। पिता को फोन इतना चलाना नहीं आता था तो नाबालिग ने उसका नंबर कई बार ब्लॉक किया था, लेकिन आरोपी अलग-अलग माध्यमों से उससे संपर्क बनाने का प्रयास करता रहा। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। मामले में पुलिस ने पहले पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बाद में विभिन्न सामाजिक संगठनों और मांगों के बाद आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं और नाबालिग का एससी सर्टिफिकेट भी बरामद कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए जा चुके हैं।