संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अब सड़कों पर गंदगी के ढेर लगाना महंगा पड़ सकता है, जो भी व्यक्ति सड़क पर गंदगी गिराते पकड़ा गया, उस पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जाएगा। यह एलान डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर (डीएमसी) ने सोमवार को किया।
डीएमसी ने सोमवार को महासफाई अभियान को लेकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पहले डीएमसी ममता शर्मा ने नगर परिषद के ईओ बलबीर सिंह, सचिव अजीत अरोड़ा, नगर परिषद अधिकारी केएल बठला, सीएसआई रुप रविंद्र सिंह, एसआई संजय कुमार से शहर की सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक ली। इसके बाद सेक्टर-7, 10 सहित अन्य वार्डों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान सेक्टर-10 रतगल गुरुद्वारा के सामने पॉलिथीन और गंदगी के ढेर को अपने सामने साफ कराया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस जगह पर बोर्ड लगाकर चेतावनी अंकित की जाए। इसके साथ ही नगर परिषद के अधिकारी का मोबाइल नंबर भी लिखा जाए ताकि कोई भी व्यक्ति गंदगी डालने वाली की गुप्त रूप से सूचना दे सके।
उन्होंने कहा कि इस जगह पर गंदगी डालने वाले व्यक्ति के खिलाफ पांच हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में पॉलिथीन के कारण ज्यादा गंदगी नजर आती है, इसलिए पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा सभी अधिकारी पॉलिथीन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित करें। डीएमसी ने शहर के सेक्टरों और वार्डों से केवल पॉलिथीन एकत्रित करने के लिए विशेष कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट और पार्कों की भी सफाई व्यवस्था करने सख्त आदेश दिए।
निवर्तमान अध्यक्ष उमा सुधा ने जांची सफाई व्यवस्था
उधर नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष उमा सुधा ने देर सायं सेक्टर 10 में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके उपरांत अधिकारियों से बातचीत में कहा कि गांव और शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में महा सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत गांवों के साथ-साथ शहर के प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर स्वच्छता योद्धा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महा सफाई अभियान तभी सफल हो पाएगा, जब शहर का प्रत्येक नागरिक इस अभियान के साथ जुड़ेगा।