कुरुक्षेत्र। जयराम कन्या महाविद्यालय में दीवाली मेला कार्यक्रम में प्रस्तुति देती छात्राएं। विज
कुरुक्षेत्र। सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के अनुसार पूर्ण उत्साह और उल्लास के साथ दिवाली मेले का आयोजन किया गया। दीपावली मेले का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. सुदेश रावल ने किया। मेले में छात्राओं की ओर से सजाए गए खाने-पीने के स्टॉल, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं और गेम के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और उद्यमशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने हाथ से इको फ्रेंडली मोमबत्तियां बनाईं व सुंदर दीपक बनाए। इसके साथ-साथ महाविद्यालय में छात्राओं को प्रतियोगिताओं संबंधी जानकारी देने के लिए दिल्ली के विख्यात इंस्टीट्यूट कॅरिअर विल का स्टॉल भी लगाया गया जिसमें जिले में स्थित कैरियल विल के निदेशक डाॅ. विवेक शर्मा, मानवेंद्र शर्मा एवं पंकज शर्मा भी मौजूद रहे। छात्राओं को आईएएस, आईपीएस, बैंकिंग, सेना, पुलिस, नेवी आदि की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के विशेष टिप्स दिए। छात्राओं ने हरियाणवी, पंजाबी, कश्मीरी संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए। इस मेले का लुत्फ उठाने के लिए आसपास के गांव से भी लोग पहुंचे। मेले में आयोजित लॉटरी ड्रॉ ने कार्यक्रम में रोमांच और उत्साह का नया रंग भर दिया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्राचार्या डाॅ. सुदेश रावल ने छात्राओं के उत्साह, अनुशासन और सृजनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं और उनमें आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुरुक्षेत्र। जयराम कन्या महाविद्यालय में दीवाली मेला कार्यक्रम में प्रस्तुति देती छात्राएं। विज