कुरुक्षेत्र। कुवि खेल निदेशालय। संवाद
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने की पहल करते हुए खेल परिषद की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक में खेलों के विकास, खिलाड़ियों की सुविधाओं में सुधार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच बनाने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान डाॅ. अमित टाया ने की और कहा कि खेल परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और समयबद्ध प्रतियोगिताएं ही खिलाड़ियों को उच्च स्तर तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
बैठक में आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाली दो प्रमुख अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर चर्चा की गई। 2 से 8 मार्च तक अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता और 17 से 21 मार्च तक अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में देशभर से खिलाड़ी भाग लेंगे। इनके सफल आयोजन के लिए आवास, चिकित्सा, सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने की जिम्मेदारियां सौंपी गई।
इसके साथ ही पिछली कार्यकारिणी की ओर से लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। बैठक में तय किया गया कि विजेता खिलाड़ियों के लिए शीघ्र ही पुरस्कार राशि वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़े और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिले। इसके साथ बिल पास और बजट सेटलमेंट करने पर भी सहमति बनी। इस मौके पर उपाध्यक्ष एसडी कॉलेज पानीपत से डाॅ. सुशीला कुमारी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, नोमनी व प्राॅक्टर प्रो. अनिल गुप्ता, खेल निदेशक डाॅ. दिनेश राणा, शारीरिक शिक्षा विभाग की चेयरपर्सन प्रो. उषा रानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। कुवि खेल निदेशालय। संवाद