संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सोमवार को सफाई व्यवस्था चरमराई रही। कर्मचारी रातभर सड़कों पर उतरकर कचरे के ढेरों पर अनेक जगह पहरा देते रहे और प्रशासन की ओर से कचरा उठाने के लिए किए गए प्रयासों का कड़ा विरोध करते रहे तो वहीं दिन में नगर परिषद कार्यालय और कचरा उठाने वाले टिप्परों के आगे धरना जारी रखा।
साथ ही कर्मचारी सड़कों पर भी उतर आए और रोष मार्च निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर भी पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन भी सौंपा। हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरे के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने कईं जगहों पर वैकल्पिक व्यवस्था के साथ कचरा उठान कराए जाने का दावा किया तो वहीं पिपली रोड सेक्टर 13, रेलवे स्टेशन रोड सेक्टर 13, पलवल-सुंदरपुर रोड, रेड रोड, ज्ञान मंदिर रोड, पिपली रोड नजदीक पशु अस्पताल, पुराना बाई पास, झांसा रोड के अलावा अनेक जगह बाजारों से लेकर कॉलोनियों तक में कचरे के ढेर लगे रहे।
इनके पास से गुजरना भी बेहद मुश्किल रहा। वहीं प्रदर्शन के दौरान प्रमोद कुमार, सतीश, विनोद कुमार, सोमेश राणा, शिवनारायण नगर परिषद से किशोरी लाल, राकेश कुमार, सोना, सपना, रीना, पुर्णचंद, रामधारी ठेके के कर्मचारी और डोर टू डोर के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन कईं जगहों पर कचरा उठान करने में रहा सफल
प्रशासन कईं जगहों पर रविवार रात को कचरा उठाने में सफल भी रहा। सफाई कर्मचारी प्रशासन की योजना को समझ नहीं पाए और वे दमकल केंद्र के पास टिप्परों को रोकने के लिए एकत्रित हो गए, लेकिन इसी का फायदा उठाते हुए प्रशासन ने अलग-अलग जगहों पर चार टीमें भेज कचरे का उठान करा दिया। सेक्टर-5 व कृष्णा गेट थाना क्षेत्र में भी कईं जगहों से कचरे के ढेर हटाए। डीएमसी अमन कुमार वर्मा के अनुसार, जहां सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कचरा हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
हड़ताल हो सकती है अनिश्चितकालीन : लोहाट
नगर पालिका कर्मचारी संघ थानेसर इकाई प्रधान सुनील लोहाट ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन हो सकती है। उन्होंने कहा कि 13 मई के समझौते को ठेंगा दिखाना सरकार को भारी पड़ेगा। सरकार ने जॉब सिक्योरिटी के नाम पर धोखा किया है। अग्निशमन जिला प्रधान सचिंद्र कुमार ने बताया कि 13 मई के द्विपक्षीय समझौते में मानी गई सभी मांगों को बिना किसी शर्त लागू करवाने में सरकार बचकर निकलना चाहती है। संघ ने हड़ताल को 26 अगस्त के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
कुरुक्षेत्र। रेड रोड पर दूर तक फैला कचरे को ढेर। संवाद - फोटो : Samvad
कुरुक्षेत्र। रेड रोड पर दूर तक फैला कचरे को ढेर। संवाद - फोटो : Samvad