कुरुक्षेत्र स्टेशन पर असुरक्षा
- फोटो : Amar Ujala
प्रदेश में बम विस्फोट घटनाक्रम के बाद भी कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद नहीं हो पाई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से हालांकि स्टेशन पर अलर्ट जरूर घोषित किया गया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों द्वारा बरती जा रही सुस्ती भी साफ तौर पर दिखाई दे रही है। जीआरपी व आरपीएफ द्वारा बरती जा रही सुस्ती यात्रियों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है।
अमर उजाला टीम ने सोमवार को जब कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन का दौरा किया तो कुछ ऐसे ही हालात सामने आए। स्टेशन पर पार्किंग से लगते प्रवेश द्वार पर लगातार लोगों का आना-जाना लगा रहा। टिकट काउंटर पर भी भीड़ का आलम था। लेकिन यहां सुरक्षा कर्मी नदारद थे। वहीं प्लेटफार्म पर टे्रन में चढने-उतरने वालों की आवाजाही लगी रही।
यात्रियों के भारी-भरकम थैले, गठरी, कट्टे और संदूक आदि भी जंक्शन पर पास हो रहे थे। यहां पर भी पुलिस कर्मियों की सुस्ती साफ दिखी। किसी भी सामान को बगैर चेकिंग के जाने दिया। हांलाकि पुलिस कर्मी कुछ जगह जरूर पहरा देते दिखे, लेकिन वो भी आराम भरी मुद्रा में। जीआरपी वाले कर्मी थाने के बाहर तो आरपीएफ के जवान भी अपने कार्यालय में गुफ्तगू करने में मशगूल रहे।
जबकि पास से ही जिंदगी को दांव पर लगाए यात्रियों द्वारा रेलवे पटरियों पर क्रासिंग जारी थी। उधर, जीआरपी एसएचओ ताराचंद ने जरूर कुछ जगह मोर्चा संभाला हुआ था, जबकि पूरी टीम की भूमिका विभिन्न मौकों पर ढीली ही दिखी। नतीजन, शाम के समय बिना चेंकिंग किए यात्रियों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। एसएचओ ताराचंद का कहना है कि वे जीआरपी और आरपीएफ की टीम को साथ लेकर समय-समय पर दौरा करते हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मिली जिम्मेदारी में कौताही नहीं बरती जाएगी।