कुरुक्षेत्र। अवैध पानी कनेक्शनों पर जनस्वास्थ्य विभाग ने अब शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की टीमों ने पिहोवा की पांच कॉलोनियों में जांच अभियान चलाकर 56 अवैध कनेक्शन पकड़े और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए। विभाग ने साफ कर दिया है कि अवैध कनेक्शन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी और लोगों को अपने कनेक्शन नियमित कराने होंगे।
विभाग की ओर से फौजी प्लॉट में छह, नंद कॉलोनी में पांच, गुरुनानक कॉलोनी में पांच, पूजा कॉलोनी में 10 और प्रीति कॉलोनी में 30 लोगों को नोटिस दिए गए हैं। सबसे ज्यादा 30 नोटिस प्रीति कॉलोनी में जारी हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान जहां अवैध कनेक्शन मिल रहे हैं, वहां संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस देकर कनेक्शन नियमित कराने के लिए कहा जा रहा है, वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के जेई अरविंद मैहला का कहना है कि बारिश के मौसम में पेयजल की गुणवत्ता के लिए भी विभाग ने निगरानी भी बढ़ा दी है।
स्योंसर गांव समेत आसपास के गांवों में दो दिन में 20 से ज्यादा पानी के सैंपल लिए गए हैं, साथ ही लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। बीते दो दिन में 20 सैंपल विभाग द्वारा लिए गए है। पिछले सप्ताह विभाग ने 83 पानी के सैंपल लिए गए थे। इनमें नीमवाला से 18, बकाली खुर्द से 13, कांगला से 20, इशाक से 20 और जलबेड़ा से 12 सैंपल शामिल हैं। संवाद