कुरुक्षेत्र। लिपिक वर्ग की हड़ताल बुधवार को 15वें दिन भी जारी रही। जिसके चलते अधिकतर सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा और कामकाज भी ठप रहा। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। धरने की अध्यक्षता लिपिक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रविंदर कुमार ने की।
कर्मचारी नेता हवा सिंह मैहला ने लिपिक वर्ग को भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लिपिक वर्ग की मांग बिल्कुल जायज है और बढ़ते दबाव के चलते सरकार जल्द से जल्द उनकी मांग पूरी करेगी। उन्होंने ये भी विश्वास दिलाया कि जब तक सरकार लिपिक वर्ग की एक मात्र मांग मूल वेतन 35,400 पूरी नहीं करती तब तक ये धरना जारी रहेगा।
राज्य कार्यकारिणी के सदस्य प्रवेश ने बताया कि आज कई कर्मचारी संगठनों ने लिपिक वर्ग के धरने का समर्थन दिया है। जिला सह संयोजक दर्शन ने बताया कि आज जिला हारट्रोन प्रोफेशन संघ के सदस्यों ने भी धरने को समर्थन दिया। इस अवसर पर जिला सचिव नरेंद्र व राज्य मीडिया प्रभारी सचिन सैनी ने बताया कि धरने पर भारतीय मजदूर संघ के तरफ से हवा सिंह मैहला राज्य महामंत्री, धर्मपाल सैनी जिला प्रधान, सुल्तान सिंह जिला उप प्रधान, राजीव जिला कोषाध्यक्ष मौजूद रहे। मंच का संचालन विजेंदर, प्रदीप कादयान,संदीप, शशिभूषण, ऋषिपाल, प्रदीप श्योकंद ने किया। संवाद