संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। खानपुर गांव में फूड फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 19 वर्षीय अंकित कुमार निवासी मोरथला के रूप में हुई।
पुलिस ने पिता के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस को दिए बयान में रमेश कुमार निवासी मोरथला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा अंकित कुमार खानपुर गांव की एक फूड फैक्ट्री में काम करता था।
रात करीब आठ बजे अंकित अपनी ड्यूटी करने फैक्ट्री में चला गया था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे उसे फैक्ट्री के अन्य कर्मी कश्मीर सिंह ने सूचना दी कि उसके बेटे अंकित को फैक्ट्री में काम करते हुए चोट लग गई।
वह उसे सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र लेकर आए हैं। सूचना पाकर वह अपने चाचा कर्मपाल के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचा, मगर चिकित्सकों ने जांच करके पहले ही उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया था। बाद में उसे पता चला कि अंकित की मौत बाॅयलर की बेल्ट का पट्टा लगने से हुई है। इसमें किसी का कोई कसूर नहीं है।
पुलिस ने सदर थानेसर में बयान के आधार पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि फॉरेंसिक विशेषज्ञ चिकित्सक ने विसरा जांच के लिए भेजा है।