(कुरुक्षेत्र) लाडवा। शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत होने के कारण उसे एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास करने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में आशु निवासी बन लाडवा ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का काम है और वह अपनी गाड़ी खुद चलाता है। शनिवार को वह शाम साढ़े 7 बजे लाडवा से बन अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह आलीशान पैलेस के पास पहुंचा तो सड़क पर रोहित उर्फ रोढ़ा तथा रमेश निवासी बन ने उसे आवाज देकर रोक लिया। दोनों उससे रुपये मांगने लगे। उसने उनको पांच सौ रुपये दे भी दिए। आरोपियों द्वारा दोबारा पैसे मांगने पर उसने पैसे देने से मना कर दिया।
इस बात से खफा दोनों आरोपी जातिसूचक शब्द बोलते हुए उससे लड़ाई-झगड़ा करने लगे। डर के मारे जब उसने अपनी बाइक स्टार्ट जाने लगा तो रमेश ने पीछे से बाइक पकड़ ली और रोहित ने ठेके पर पड़ी खाली कांच की बोतल से उसके सिर में मार दी, जिससे उसे कुछ होश नहीं रहा। इसी दौरान रोहित ने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकालकर उसके पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान होकर नीचे गिरने के बाद भी आरोपी उसे लात-घूसे मारते रहे। थोड़ी देर बाद वह बेहोश हो गया। शराब के ठेके के कर्मचारी ने उसके पिता को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा लेकर आए, लेकिन सिर व पेट में गंभीर चोटे होने के कारण उसे एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जान से मारने का प्रयास करने, एससीएसटी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जल्द होंगे आरोपी पुलिस की गिरफ्त में : सुनील वत्स
थाना प्रभारी सुनील वत्स ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास करने, जाति सूचक शब्द बोलने तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।