अलग-अलग जगहों पर रेलवे ट्रैक पर हुए हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। एक युवक की ट्रेन से गिरकर तो दो युवकों द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। तीनों ही मृतकों की देर रात तक पहचान नहीं हो पाई है। तीनों शव लोक नायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिए गए हैं। एक के बाद एक तीन घटनाओं के चलते जीआरपी थाना कर्मियों के भी पसीने छूटे रहे।
पहली घटना शाहाबाद-मोहड़ी के बीच दिल्ली अंबाला मेन लाइन पर हुई, जहां करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के बीच किसी युवक का शव पड़ा है। वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन उसने नीली टी शर्ट व काले रंग का लोअर पहना हुआ था। आशंका है कि युवक ने आत्महत्या की है। वहीं दूसरी घटना गांव धीरपुर-ढोलामाजरा के पास हुई। जहां सुबह ही करीब सात बजे सूचना मिली की करीब 35 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। मौके पर पहुंच जांच की तो युवक की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन उसने पीले रंग की टी शर्ट व नीली जींस पहनी हुई थी। उसकी जेब से लुधियाना से दिल्ली की एक टिकट भी बरामद हुई। आशंका है कि वह चलती ट्रेन से गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।
अभी टीम इस शव को भी मोर्चरी हाउस रखने पहुंची थी कि फिर सूचना मिली कि कुरुक्षेत्र-अमीन के बीच एक युवक का शव ट्रैक पर पड़ा है। आनन-फानन में वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला, लेकिन उसकी भी पहचान नहीं हो पाई। मृतक ने हल्के हरे रंग की टी शर्ट व लोअर पहना हुआ था। मृतक के पास ही ट्रैक के पास रखी चप्पलें भी मिली है। आशंका है कि युवक ने ट्रेन के नीचे आकर जान दी है। यह शव भी मोर्चरी हाउस में रखवाया गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि तीनों ही घटनाओं का लेकर आसपास के थानों में भी सूचना दी गई, लेकिन देर रात तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई।