इस्माईलाबाद। कंगवाल में आयोजित चौथी शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दानीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में दानीपुर ने किरमच की टीम को रोमांचक मैच में हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों की 22 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंत में दानीपुर की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही। विजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद और शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता किरमच टीम को 8100 रुपये नकद और शील्ड प्रदान की गई।
प्रतियोगिता का आयोजन गांव कंगवाल के युवाओं की ओर से किया गया। आयोजक राजिंद्र सिद्धू ने बताया कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है, ताकि उनमें खेल भावना और अनुशासन विकसित हो सके।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजक राजिंद्र सिद्धू, राहुल अंटाल, समर ढिल्लों, कर्मवीर सिद्धू, धर्मवीर सिद्धू, राहुल प्रजापत, नवीन अंटाल, हैप्पी, बब्लू, जनटा सरवारा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।