पुराने नोटों को बदलाने के लिए रविवार को भी बैंकों में खासी भीड़ जमा हुई। रविवार को भी शहर के लगभग सभी बैंक खुले थे। रुपये निकालने के लिए लोग रविवार की छुट्टियों में भी पूरे दिन कतार में लगे रहे। साथ ही पोस्ट ऑफिस भी खुले रहे। खास बात यह थी कि एटीएम मशीनों ने शनिवार रात से ही पैसा उगलना शुरू कर दिया था। जिससे काफी हद तक लोगों को राहत मिली। लेकिन रविवार को भी एटीएम मशीनों पर दोबारा भीड़ जमा हुई। लंबी लाइनें लगी, जिससे कुछ एक एटीएम में दोपहर बाद पैसा खत्म हो गया था, लेकिन शाम को यह एटीएम फिर से शुरू हो गए थे।
500 और एक हजार रुपये के नोटों को लेकर रविवार को भी अफरातफरी का ही माहौल रहा। रविवार को भी बैंक खुले होने से सुबह से ही लोग बैंकों के सामने जमा हो गए थे। शहर के हर बैंक के सामने लंबी लाइनें बैंक खुलने से पहले ही लग गई थी। सेक्टर 17 स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने सुबह आठ बजे से ही लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। कुछ ही दूरी स्थित नए बैंक डीसीबी की ब्रांच में भी अच्छी खासी भीड़ जमा थी। यही हाल रेलवे रोड पर स्थित एचडीएफसी, स्टेट बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, एक्सिस बैंक सहित अन्य बैंकों के सामने भी था। कई बैंकों के सामने तो लोग सुबह सात बजे से ही डटे थे।
दोपहर दो बजे तक रही भीड़
अधिकतर बैंक दोपहर दो बजे तक खुली रही। सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई कई बैंकों में दोपहर 12 बजे ही कैश खत्म हो गया। इसके बाद कैश नहीं आया और ग्राहकों से सोमवार को आने के लिए कहा गया।
एटीएम से मिली राहत
खास बात यह रही कि शहर भर के एटीएम में पैसा होने से लोगों को राहत मिली। शनिवार रात से ही कई एटीएम से पैसा निकला। लोगों ने देर रात तक राशि निकाली। हालांकि दो हजार रुपये से ज्यादा की राशि नहीं निकलने से लोगों को नाराजगी भी रही।