कुरुक्षेत्र। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की गुरुग्राम यूनिट ने आर्म्स एक्ट के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी योगेश को होडल से गिरफ्तार किया है।
आरोपी कुरुक्षेत्र के थाना सदर थानेसर में दर्ज मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसे आगामी कार्रवाई के लिए कुरुक्षेत्र जिला पुलिस के हवाले कर दिया। जिला पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल के मुताबिक आरोपी के खिलाफ 23 अगस्त 2025 को थाना सदर थानेसर में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।
लगातार फरार रहने के कारण आईजीपी अंबाला रेंज की ओर से उसकी गिरफ्तारी या सूचना देने पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ सेंट्रल यूनिट गुरुग्राम को 25 अगस्त को सूचना मिली कि योगेश अपने गृह क्षेत्र होडल में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर उसे काबू कर लिया। पुलिस जांच में योगेश का आपराधिक रिकार्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में होडल थाने में मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना सदर थानेसर पुलिस को सौंप दिया गया है।