ब्रह्मसरोवर पर देर शाम गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल तरावड़ी के प्रिंसिपल विजय कुमार ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उनके पास मिले सुसाइड नोट में निसिंग के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो लेक्चरर और एक महिला लेक्चरर के पति पर प्रताड़ित और अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ब्रह्मसरोवर पर स्थित पर्यटन पुलिस चौकी में सोमवार को किसी ने जानकारी दी कि लगभग 53 वर्षीय व्यक्ति ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी उस व्यक्ति के पास पहुंचे और उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। उसकी शिनाख्त तरावड़ी के सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल विजय कुमार के रूप में हुई।
सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाए जाने पर चिकित्सकों ने विजय कुमार की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही केयूके पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। उधर, विजय के परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
विजय कुमार कुरुक्षेत्र के झांसा रोड के पास रहते थे। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी सुखा सिंह ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। डीएसपी रमेश गुलिया ने बताया कि फिलहाल निसिंग के स्कूल के डीडीओ सतीश कुमार शर्मा और लेक्चरर सुरेश कुमार डंकल नामजद और महिला टीचर के पति खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सुसाइड नोट को जांच के लिए भेजा जाएगा। विजय के साथ जो गलत काम किया गया है, उसकी भी जांच की जाएगी।
ये लिखा सुसाइड नोट में
मेरा नाम विजय कुमार है। मेरे को सतीश कुमार शर्मा लेक्चरर/डीडीओ गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल निसिंग, सुरेश कुमार डंकल लेक्चरार कॉमर्स ने आज बहुत ज्यादा जलील किया है। कुछ दिन पहले भी मुझे बुरी तरह अपमानित किया। कुछ बड़ों का भी रिकार्ड छिपा रखा है।
मेरे से तीन लाख रुपये रिकार्ड पेश करने के मांगते हैं। डीडीओ सतीश कुमार मेरे से करीब दो लाख रुपये पहले नगद ले जा चुका है, जो मेरी डायरी 215 में लिखे हैं। इन सबका सहयोगी एक लेक्चरार (नाम) का पति है। मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इन तीनों को मेरी हत्या का दोषी माना जाए।
मेरे मरने पर कोई भी परिवार वाला दुखी न हो। मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं। मेरा कोई भी धार्मिक संस्कार न करे। राम-राम, वाहे गुरुजी। मेरे ऊपर इन तीनों ने सभी झूठे आरोप लगा रखे हैं। डीसी करनाल भी मेरा एक्सप्लेेनेशन नहीं सुनना चाहते। मैं आत्महत्या कर रहा हूं।