वह न जाने किस उधेड़बुन में था, उसका मन किस बात से विचलित था, कौन सी चिंता थी जिसने उसका इस संसार से मोहभंग कर दिया था, जीने की इच्छा खत्म कर दी थी कि उसने सोमवार दोपहर को एसपी दफ्तर के प्रतीक्षा कक्ष में ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालांकि पुलिस को आशंका है कि कर्ज की वजह से अधेड़ व्यक्ति ने ये कदम उठाया होगा लेकिन इसके लिए उसने एसपी आफिस ही क्यों चुना? इसका जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया। हालांकि परिवार वाले उसे यहीं के एक निजी अस्पताल में ले गए हैं।
सोमवार दोपहर का वक्त था। एसपी कार्यालय के प्रतीक्षा कक्ष में कुछ लोग बैठे हुए थे। उनमें से एक अधेड़ व्यक्ति अर्ध मूर्च्छित हालत में बेतरतीबी से पड़ा दिखाई दिया तो लोगों का ध्यान उस ओर गया। पास जाने पर जहरीले पदार्थ की दुर्गंध भी महसूस हुई।
उन लोगों ने इसकी सूचना डयूटी क्लर्क को दी। पुलिस अधीक्षक को भी इस बारे में सूचित किया गया। पुलिस कर्मियों ने उस व्यक्ति के पास जाकर उससे पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन वह बोलने की हालत में था ही नहीं। उसे तत्काल लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल ले जाया गया।
डीएसपी हेडक्वार्टर कृष्ण कुमार ने वहां पहुंचकर पड़ताल की। सिटी एसएचओ भी वहां उसका हालचाल लेते रहे। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने अधेड़ को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
बैग में मिले कागजात और 16 हजार रुपये
उस व्यक्ति के पास से पुलिस को एक बैग मिला, जिसमें 16 हजार रुपये की नकदी और कुछ कागजात भी पाए गए। इन कागजातों के आधार पर ही उसकी पहचान गांव उमरी निवासी सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई। पहचान हो जाने पर परिवार वालों को सूचना दी गई।
उसकी मां और दूसरे परिजन अस्पताल आकर उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में पहुंचे उसके परिजन अनिल ने बताया कि यह कदम क्यों और कैसे उठाया गया, यह उनकी भी समझ नहीं आ रहा है।
कर्ज के चलते आत्मघाती कदम उठाने की आशंका : एसएचओ
सिटी एसएचओ रामकुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है। उन्हें आशंका है कि सुरेंद्र ने यह कदम कर्ज में डूबे होने के चलते उठाया है और उसकी मां ने भी उन्हें इसी तरह की जानकारी दी है। अभी पुलिस मामले की जांच भी कर रही है।
ब्रह्मसरोवर पर मिला जहरीला पदार्थ खाने से बेहोश हुआ व्यक्ति
एक अन्य मामले में ब्रह्मसरोवर पर लगभग 53 वर्षीय एक व्यक्ति जहरीला पदार्थ खाकर बेहोश हुआ मिला। वहां पर तैनात पर्यटक पुलिस ने कुछ लोगों की सहायता से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। देर शाम तक उसकी शिनाख्त नही हो पाई थी और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की है।