जिले के गोविंदगढ़ गांव में एक नाबालिग लड़की की शादी कराने का मामला सामने आया है। लड़की की मां की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने लड़की के पिता और पति सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
लड़की की मां का आरोप है कि उसकी बेटी नाबालिग है और फर्जी दस्तावेज दिखाकर कोर्ट मैरिज करा दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि 26 जुलाई को उसके पति ने बिना किसी को कुछ बताए ही उसकी नाबालिग बेटी की शादी पिहोवा गांव में कर दी। जब इसका पता घरवालों को चला तो इसकी शिकायत थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने बताया कि उसका पति शराब का आदी है।
मंगलवार को पीड़ित महिला अपनी नाबालिग लड़की और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महिला थाने पहुंची। यहां पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। महिला के अनुुसार अभी तक पुलिस ने उसकी नाबालिग लड़की का मेडिकल भी नहीं करवाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी पक्ष रसूखदार है। इसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
इस संबंध में महिला थाने की एएसआई तारो देवी ने बताया कि नाबालिग की मां ने पुलिस को शिकायत दी है। इसके आधार पर नाबालिग के पिता दयानंद, नाबालिग लड़की के पति सुशील, रामपाल और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।