शहर के उद्योगपति के बेटे का अपहरण कर चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मुख्य आरोपी और उसके साथियों को सोमवार को आठ दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया।
आरोपियों से पुलिस ने रिमांड के दौरान 10 लाख 14 हजार रुपये, वारदात में प्रयोग किए तीन मोबाइल और एक फोर्ड फिगो कार बरामद की है।
मामले के अनुसार 24 अगस्त को आदित्य के पिता जयभगवान सिंगला ने थाना शहर थानेसर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने उसके पुत्र का अपहरण कर लिया है और 4 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग कर रहे है। इसके बाद एसपी सिमरदीप सिंह ने अपहर्ताओं को पकड़ने और आदित्य को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाने के लिए डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर दी।
पुलिस टीम ने मामले दो आरोपियों बलवंत उर्फ बाबी निवासी अमीन कुरुक्षेत्र को सात सितंबर को और कमल सैनी निवासी शांति नगर कुरुक्षेत्र को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 22 नवंबर को मुख्य आरोपी मास्टर माइंड अनिल मित्तल निवासी सेक्टर-6 करनाल और उसके दो साथियों सुखबीर सिंह उर्फ काला निवासी अमरगढ़ जिला करनाल, बलबीर उर्फ बुगला निवासी जाणी जिला करनाल को गिरफ्तार कर लिया था।
तीनों आरोपी आठ दिन के पुलिस रिमांड पर थे। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि उन्होंने योजना बनाकर आदित्य का कुरुक्षेत्र से अपहरण किया और दो करोड़ की फिरौती लेकर भाग गए। इस मामले में एक करोड़ 74 लाख 36 हजार रुपये भी बरामद किए गए थे।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वह अपना हिस्सा लेकर जयपुर, जोधपुर, शिरडी महाराष्ट्र, माउंट आबू, हैदराबाद आदि स्थानों पर घूमते रहे।