अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। दुकान पर सामान लेने गई नाबालिग के साथ दुकानदार ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी 10 वर्षीय बेटी पड़ोस में सामान लेने गई। यहां पर दुकानदार सुशील कुमार (45) ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। घर आने पर उसकी बेटी काफी डरी और सहमी हुई लग रही थी। उनके बार-बार पूछने पर उसने डरते -डरते पूरी बात बताई। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची की माता की शिकायत पर आरोपी दुकानदार सुशील के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी जय नारायण शर्मा ने कहा कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।