महमूदपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
हीमपुर दीपा। गांव महमूदपुर में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। युवक के बनियान पर लिखे सुसाइड नोट में आरती नामक युवती को मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। इस मामले में मृतक के भाई ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
गांव महमूदपुर उर्फ महमूदा में सोमवार को गांव के मुख्य मार्ग पर एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनाख्त कराने का प्रयास किया। शव की पहचान गांव रतनपुर खुर्द निवासी चंद्रवीर सिंह (22) पुत्र स्वर्गीय बीरबल सिंह के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने शव की पहचान चंद्रवीर के रूप में करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस के काफी समझाने पर परिजनों ने शव को पीएम के लिए जाने दिया। मृतक के भाई रामकिशन का आरोप है कि उसके छोटे भाई चंद्रवीर को रविवार शाम गांव महमूदपुर निवासी बंटी तथा उसका पिता मुन्नू अपने साथ कुछ बात करने के लिए बुलाकर ले गए थे। ये लोग उनके दूर के रिश्तेदार हैं। इन लोगों ने उसके भाई की हत्या कर दी है। भाई रामकिशन ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। युवक देहरादून में रहकर मोटर मैकेनिक का कार्य करता था। चांदपुर सीओ राकेश श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत गले में फंदे लगाने के कारण हुई है।
बनियान पर लिखा था सुसाइड नोट
चंद्रवीर ने अपने बनियान पर लिखे सुसाइड नोट में बताया है कि उसकी मौत के लिए सिर्फ आरती जिम्मेदार है। आरती के अलावा कोई और नहीं है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।