उधार देने से मना किया तो दुकानदार को मारा चाकू, गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
कुछ युवकों ने उधार न देने पर मंगलवार रात एक दुकानदार की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और दुकानदार को चाकू मारकर घायल कर दिया। युवकों ने दुकान में रखा सामान तोड़ दिया। उत्पात मचाने के बाद युवक दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि उसकी रादौर रोड पर इंद्री चौक के पास राजू मुर्गे वाला के नाम से दुकान है। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात आठ बजे निर्मल भुल्लर, मन्ना, भिंडा, मोहित शर्मा, मन्नी और चार-पांच अन्य व्यक्ति उसकी दुकान में आए और उधार में मीट और खाना मांगा। राजेश कुमार के अनुसार उन्होंने उधार में खाने का सामान मांगा, लेकिन उसने उधार देने से मना कर दिया। आरोप है कि इस पर युवकों ने उससे पैसे देने की मांग की और उसे चाकू, पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। युवकों ने उसकी दुकान में तोड़फोड़ की। इस दौरान एक युवक ने चाकू मार कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित दुकानदार राजेश ने पुलिस से मामले की लिखित शिकायत की है। लाडवा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर निर्मल भुल्लर, मोहित शर्मा, मन्ना, भिंडा, मन्नी सरदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।