गमगीन माहौल में किया छात्रा का अंतिम संस्कार
इस्माईलाबाद। गांव झांसा से लापता हुई दसवीं कक्षा की छात्रा का शव जिला जींद के बूढ़ा खेडा गांव के नजदीक नहर के पास मिलने के बाद परिजनों ने कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर जाम लगाने का निर्णय लिया था। राज्यमंत्री के आश्वासन के बाद वे शव लेने को राजी हुए। उसके बाद उन्होंने शव गांव में ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया। इसपर पुलिस व जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।
परिजन करीब 7 बजे छात्रा का शव लेकर झांसा पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण शमशान घाट में एकत्रित हो गए। वहीं छात्रा केअंतिम संस्कार के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ इस्माईलाबाद राजबीर सिंह, डीएसपी पिहोवा धीरज कुमार, एसएसओ पिहोवा जयनारायण शर्मा, एसएचओ झांसा दलीप कुमार, एसएचओ इस्माईलाबाद दिनेश चौहान, कानून गो जसबीर सिंह पहुंचे। छात्रा के चचेरे भाई ने उसे मुखाग्नि दी। जबकि मृतक छात्रा की माता सदमे में है। शमशान घाट में अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों को पकड़ने की गुहार लगाई। बता दें कि सुबह मृतक छात्रा का शव लेने सक इंकार के बाद प्रशासन व सरकार की सारा दिन सांसे फूली रही। प्रशासन परिजनों को मनाने का हर संभव प्रयास करते रहे लेकिन परिजन सरकार के मंत्रियों को मौके पर बुलाने की जिद्द पर अडे रहे। अंत में राज्यमंत्री कृष्ण बेदी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों की तरफ से 11 सदस्सीय टीम गठित की गई जिसमें मंत्री ने टीम को आश्वासन दिया कि परिजनों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक मदद दी जाएगी। प्रशासन की ओर से मामले में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी को तुरंत रूप से लाइन हाजिर कर उनकी जगह दलीप कुमार को झांसा का नया थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया है। वहीं पिहोवा के डीएसपी धीरज कुमार की अध्यक्षता में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया।जो शीघ्र ही मामले की जांच कर दोषियों को पकडने का प्रयास करेगी। इस आश्वासन के बाद परिजन देर सायं शव लेने को तैयार हुए।