पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। लड़की से दुष्कर्म करने के प्रयास में पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार न करने को लेकर पीड़िता के परिजनों ने शहीदी स्मारक से लेकर मेन चौक तक रोष प्रदर्शन किया। पीड़िता के भाई अजय ने बताया कि उसके मामा की लड़की उनके घर आई हुई थी। उनका पड़ोसी बीते 26 अप्रैल को मकान दिखाने के बहाने घर के अंदर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूट कर भागी तो आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की शिकायत परिजनों ने तुरंत पुलिस को दे दी थी और आरोपी के खिलाफ 29 अप्रैल को मामला भी दर्ज कर लिया गया था, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि इतने दिन बीतने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से जाहिर है कि पुलिस आरोपी से मिली हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस उनके ऊपर समझौता करने का दबाव बना रही है। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि पुलिस के साथ आरोपी पक्ष के लोग भी समझौता न करने पर झूठे केस मे फंसाने का डर दिखा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता के परिजनों ने जब शहर में रोष मार्च निकाला तो मौके पर पहुंचे एसएचओ और चौकी इंचार्ज ने आरोपी को शाम तक गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।