फोटो नंबर-41 व 42
नवविवाहिता की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, परिजनों ने किया थाने पर प्रदर्शन
मृतका का पति अमरदीप गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा एक दिन के रिमांड पर-एसएचओ
परिजनों ने की मृतका की सास, ससुर, जेठ व जेठानी की गिरफ्तारी की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। गांव बुहावा में 5 दिन पूर्व एक नवविवाहिता की मौत के मामले में मृतका के पति, सास, ससुर, जेठ व जेठानी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने थाना बाबैन में बवाल काटा। थाना प्रभारी द्वारा परिजनों को आश्वासन दिया कि वीरवार तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, तब जाकर वे शांत हुए।
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक थाना परिसर में ही बैठने की चेतावनी दी है। पुलिस ने जिला यमुनानगर के गांव मारवां कलां वासी मृतका अमरजीत कौर के पिता सतपाल सिंह की शिकायत पर उसके पति अमरदीप, सास कर्मों देवी, ससुर देव सिंह, जेठ टोनी व जेठानी रितु पर हत्या की धारा सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अमरजीत के पिता सतपाल, माता करनैलो देवी, सरपंच कृष्ण चंद, पूर्व सरपंच बलबीर सिंह, प्रमोद राणा, राजबीर राणा, करनैल सिंह नंबरदार, राजकुमार व मोहित शर्मा ने आरोप लगाया कि अमरजीत कौर की हत्या को हुए आज 5 दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस ने हत्या के आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने कहा कि अमरजीत कौर की शादी 21 मई 2018 को ही हुई थी। अमरजीत के ससुराल वाले न केवल दहेज के अलावा अन्ये छोटे मोटे घरेलू कार्यों के लिए प्रताड़ित करते थे बल्कि उसके पति अमरदीप के अपनी भाभी के साथ भी अवैध संबंध थे जिसके चलते उन्होंने अमरजीत को मार दिया। सतपाल ने कहा कि वह हत्या से 2 दिन पहले ही अपनी बेटी को ससुराल छोड़कर आया था। 18 अगस्त को दोपहर बाद फोन आया कि उनकी बेटी को कुछ हो गया है। वे गांव बुहावा पहुंचे तो अमरजीत जमीन पर मृत पड़ी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरजीत कौर के गले, हाथों एवं पैरों में रस्सियों के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरजीत के पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर रस्सियों से उसके हाथ-पैर बांधकर और गला घोंटकर उसकी हत्या की है।
थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि मृतका के पति अमरदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।