अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। रेडीमेड कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर चोर 70 हजार रुपये कैश और करीब 30 हजार रुपये के कपड़े चुरा कर ले गए। दुकान संचालक महिला सुभांगी शर्मा ने पुलिस में शिकायत दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शास्त्री कॉलोनी में रेडीमेड कपड़े की दुकान है। मंगलवार रात वह अपनी दुकान का ताला लगाकर घर गई थी। बुधवार सुबह दुकान पर पहुंची तो होश उड़ गए। दुकान के शटर एवं एल्यूमीनियम गेट का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर सामान बिखरा था। दुकान से 70 हजार रुपये कैश तथा करीब 30 हजार रुपये के कपड़े गायब थे। सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, चोरी की घटना से दुकानदारों में पुलिस के खिलाफ रोष पनपता जा रहा है। लोगों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे पहले मेन बाजार सहित कई जगह चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है तथा चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।