लाडवा। अवैध शराब से भरी एक कार लाडवा-यमुनानगर रोड पर हादसाग्रस्त हो गई। चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है शराब की खेप को हरिद्वार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, रविवार को एक उत्तराखंड नंबर की कार लाडवा से यमुनानगर की तरफ जा रही थी। बन मोड़ से पहले ही कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक कार छोड़कर फरार हो गया। दुकानदारों ने क्षतिग्रस्त कार में शराब होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार की तलाशी ली जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अवैध शराब सहित कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध शराब सहित कार को कर लिया है जब्त : थाना प्रभारी
लाडवा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अवैध शराब से भरी क्षतिग्रस्त कार की तलाशी लेकर काबू कर लिया है। कार की तलाशी ली तो उसमें 15-16 पेटी शराब थी। चालक फरार हो गया। कार को जब्त करके कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।