पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो शराब से भरी बोलेरो लेकर भागा चालक
- पुलिस ने 3 किलोमीटर पीछा कर प्रतापगढ़ के पास किया बोलेरो को काबू तो मिली अवैध शराब की 1380 व बीयर की 600 बोतल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। शराब से भरी बोलेरो को काबू करने के लिए पुलिस को रात के समय करीब 3 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ानी पड़ी, जिसके बाद बोलेरो काबू हुई तो उसमें एक चालक व सहायक को भी काबू किया। पुलिस ने बोलेरो से अवैध अंग्रेजी शराब की 1380 व बीयर की 600 बोतलें बरामद कीं।
जानकारी के मुताबिक, देर रात सीआईए पुलिस टीम एएसआई प्रेम चंद के नेतृत्व में जीटी रोड पर चिड़ियाघर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी गुप्त सूचना मिली कि करनाल की ओर से अवैध शराब से भरी एक बोलेरो आ रही है। कुछ समय बाद बोलेरो आई तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। पहले तो चालक ने बोलेरो की स्पीड कुछ कम की, लेकिन अचानक तेज रफ्तार से दौड़ा ली। पुलिस ने पीछा कर गांव प्रतापगढ़ के पास बोलेरो रुकवा ली। पुलिस ने ड्राइवर कमोदा वासी संजीव कुमार व सहायक गांव जोगना खेड़ा वासी राकेश कुमार को भी धर दबोचा। बोलेरो से अंग्रेजी शराब की 1380 व बीयर की 600 बोतलें बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
एसपी के आदेश पर नशीले पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए चलाया अभियान : प्रेमचंद
मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रेम चंद का कहना है कि एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने आदेश दिए हैं कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसी के तहत ही चिड़ियाघर के समीप नाकेबंदी की हुई थी तो बड़ी सफलता हाथ लगी। उनकी टीम में हवलदार नरेश कुमार, राजेश कुमार, सिपाही संदीप कुमार शामिल थे।
करनाल की ओर से लाई गई थी शराब
आरोपी अवैध शराब करनाल की ओर से लेकर आए थे और वह कुरुक्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में इसे सप्लाई करना चाहते थे। इससे पहले वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एएसआई प्रेम चंद का कहना है कि काबू किए गए आरोपियों से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी मालिक ही नशीले पदार्थो की तस्करी करवा रहा है जबकि काबू किए गए आरोपी चालक व सहायक ही है। गाड़ी मालिक की तलाश की जा रही है, जिसके बाद ओर भी खुलासा हो सकता है।
भगोड़ा गिरफतार
थाना बाबैन के हवलदार विद्या भूषण ने एक भगोड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हवलदार विद्या भूषण थाना बाबैन ने सलिंद्र उर्फ सुरेंद्र वासी भगवानपुर को गिरफ्तार किया है। उसे थाना बाबैन में दर्ज मारपीट के एक मामले में एसडीजेएम की अदालत ने 10 अगस्त को भगोड़ा घोषित किया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार में भेज दिया गया है।