। जिला पुलिस ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में दो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही बेवजह सड़कों पर वाहन लेकर घूम रहे 180 चालकों के चालान करने के साथ तीन वाहन इंपाउंड भी किए। ये जानकारी पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने दी ।
उन्होंने कहा कि सतपाल शर्मा पुत्र हरि सिंह वासी ज्योतिसर ने थाना केयुके पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह ज्वेलर का काम करता है। लॉकडाउन के संबंध में वह गांव के जरूरतमंदों को खाना के पैकेट वितरित कर रहा था। शाम के समय खाना तैयार करवा रहा था तो उसी समय उसके गांव का एक युवक सुखदेव बिना मास्क लगाए वहां आया। जब उसने उसका विरोध किया और मास्क लगाने की सलाह दी तो युवक ने उसका गला पकड़ लिया और सारे कपड़े फाड़ दिए उसके साथ मारपीट भी की। इस दौरान भंडारे में खड़े अन्य लोगों ने उसे छुड़वाया। इसके बाद युवक वहां से भाग गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य मामले में सिटी चौकी शाहबाद के एएसआई बलबीर सिंह और हवलदार नरेश कुमार की टीम गश्त पर थी। इस दौरान उन्होंने बराड़ा रोड शाहाबाद पर एक व्यक्ति को घूमते हुए देखा। उसने मुंह पर मास्क भी नहीं लगाया हुआ था। उन्होंने उसे रोक कर उसका नाम व पता पूछा तो उसने अपना नाम लखविंद्र सिंह निवासी मच्छरौली बताया। पुलिस ने उसे काबू करके उसके खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया है। जांच जारी है।